भिलाई(Accident in Bhilai)। भिलाई में नेहरू नगर चौक के पास हुए एक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। गुरुवार की रात को वो अपने पति के साथ दुर्ग से वापस घर लौट रही थी। नेहरू नगर चौक के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हुई और दंपती सड़क पर गिर गए।
पीछे से आ रहे एक ट्रक का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया। जिसमें महिला की मौके पर मौत हो गई। सुपेला पुलिस ने प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू की है। पुलिस ने बताया कि आम्रपाली वनांचल सिटी हाउसिंग बोर्ड निवासी राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी कमलेश अग्रवाल के साथ गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दुर्ग से वापस अपने घर लौट रहे थे।
बाइक अनियंत्रित हो गई
रास्ते में गुरुद्वारा चौक से नेहरू नगर चौक के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे दोनों सड़क पर गिर गए। पीछे बैठी कमलेश अग्रवाल को बाइपास की ओर से आ रहे एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।
सिर के ऊपर से ट्रक का चक्का गुजरने से कमलेश अग्रवाल (59) की मौके पर मौत हो गई। सुपेला पुलिस को इसकी जानकारी लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को चीरघर भिजवाया। वहीं कमलेश अग्रवाल के पति राकेश अग्रवाल सड़क की दूसरी तरफ गिरे थे, इसलिए उन्हें कुछ नहीं हुआ।
इधर… बिना हेलमेट बाइक सवार सिपाही की दुर्घटना में मौत
आईजी ऑफिस दुर्ग में पदस्थ सिपाही उपेंद्र तिवारी (39 वर्ष) की बुधवार रात को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह बाइक से घर लौट रहा था। स्टील कॉलोनी हरि नगर के पास होटल क्रिश के सामने उसकी बाइक ट्रांसफार्मर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना रात करीब 11:30 बजे की है। सिपाही उपेंद्र शराब के नशे में था। इसके चलते यह घटना हुई। उसने हेलमेट नहीं लगाया था।
महादेव सट्टा एप मामले में हुआ था निलंबित
हादसे में जान गंवाने वाला सिपाही उपेंद्र पहले वैशाली नगर थाने में पदस्थ था। दो साल पहले इंटरनेट मीडिया में उसका वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह महादेव बुक सट्टा एप पैनल चलाने की बातें कर रहा था।
इसके बाद तत्कालीन एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने उसे निलंबित कर दिया था। बाद में बहाल होने पर सुपेला थाने में उसकी पोस्टिंग हुई। वहां से वह आईजी ऑफिस में अटैच था। सिपाही पत्नी और दो बच्चों के साथ स्मृति नगर में रहता था।