बलरामपुर,,रक्तदान महादान: 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय बलरामपुर एवं सिविल हॉस्पिटल रामानुजगंज में लगेगा शिविर।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

बलरामपुर कलेक्टर श्रीमती संजय चंदन त्रिपाठी ने कहा रक्त का कोई विकल्प नहीं’’


जीवन बचाने की पुनीत कार्य में आगे आए सेवा संकल्प रक्तदान जिले में महादान अभियान

बलरामपुर, 15 सितंबर 2026/ ‘‘सेवा, समर्पण एवं संकल्प’’ की भावना पर केन्द्रित सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले में 17 सितम्बर 2026 को वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संयुक्त प्रयास से यह शिविर जिला चिकित्सालय बलरामपुर एवं सिविल हॉस्पिटल रामानुजगंज में एक साथ संचालित होगा, जहां इच्छुक रक्तदाता चिकित्सकीय परीक्षण उपरांत स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे।

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के नागरिकों, युवाओं, शासकीय सेवकों तथा सामाजिक संगठनों से रक्तदान महादान का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और किसी जरूरतमंद मरीज तक समय पर रक्त पहुंचाने का एकमात्र माध्यम स्वैच्छिक रक्तदाता ही हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि रक्तदान से दाता के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह सेवा का सर्वाेच्च स्वरूप है, जिसमें एक व्यक्ति का छोटा संकल्प किसी परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद बन जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में शिविर पहुंचकर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रक्त की एक यूनिट तीन व्यक्तियों का जीवन बचा सकती है। दुर्घटना, प्रसूति, गंभीर रक्ताल्पता तथा शल्य चिकित्सा जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सीधे जीवन-रक्षा से जुड़ी होती है, इसलिए ब्लड बैंकों में पर्याप्त भंडारण बनाए रखना आवश्यक है। शिविर में रक्तदाताओं के लिए पंजीयन, स्वास्थ्य जांच, जलपान एवं रक्तदाता प्रमाण-पत्र की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा संपूर्ण प्रक्रिया प्रशिक्षित दल की देखरेख में सुरक्षित एवं निःशुल्क रहेगी।

जिला प्रशासन ने 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के स्वस्थ नागरिकों से नियत तिथि पर निर्धारित केन्द्रों पर पहुंचकर रक्तदान करने का आग्रह किया है, जिससे सेवा संकल्प अभियान जन-भागीदारी का सशक्त उदाहरण बन सके।

Share This Article