✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

रबी में दलहन-तिलहन का रकबा बढ़ाने पर कलेक्टर का जोर, ऑयल पाम खेती के लक्ष्य समय पर पूरे करने के निर्देश

बलरामपुर, 26 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समन्वित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी सीजन के कार्यक्रम निर्धारण, कृषि एवं संबद्ध विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति तथा किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करना और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने रबी सीजन में दलहन एवं तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिले और किसानों की आय में वृद्धि हो। बैठक में धान के साथ-साथ अन्य व्यावसायिक फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने पर सार्थक चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि सभी का प्रयास होना चाहिए कि किसान ऐसी फसलें उगाएँ, जिनकी बाजार में मांग हो और उन्हें उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कर पात्र किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा इसके साथ अंतरवर्तीय फसलों (इंटरक्रॉपिंग) को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को इन फसलों के लाभों की जानकारी देने, लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने और समन्वित प्रयासों से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री रामचन्द्र भगत, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री कमलेश साहू एवं विकासखण्ड स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

