✍️✍️संपादक जसीम खानसंवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने खोला मोर्चा, धान का समर्थन मूल्य 3,350 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग

पटवारियों की हड़ताल, लंबित बोनस भुगतान और बेमौसम बारिश से फसल नुकसान का मुद्दा उठाया; एसडीएम के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन को सौंपा ज्ञापन
कुसमी, 02 नवंबर 2026। किसानों की विभिन्न समस्याओं, पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर आम आदमी पार्टी ने आवाज बुलंद की है। आम आदमी पार्टी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर कुसमी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने शासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करते हुए धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,350 रुपये प्रति क्विंटल करने तथा पिछले वर्ष की बकाया बोनस राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने कहा कि प्रदेश के किसान लगातार आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। खेती में बढ़ती लागत, मौसम की अनिश्चितता और उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में सरकार को किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,350 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करना चाहिए। साथ ही पिछले वर्ष की बकाया बोनस राशि 150 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों को तत्काल उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
पटवारियों की हड़ताल से गिरदावरी और पंजीयन कार्य प्रभावित होने की आशंका
आम आदमी पार्टी ने पटवारियों की लगातार जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर भी चिंता जाहिर की। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि पटवारियों की हड़ताल के कारण गिरदावरी एवं किसानों के पंजीयन से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पार्टी ने शासन से पटवारियों की वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा एफबी (FV) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की। साथ ही कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए उनसे बातचीत की जानी चाहिए, ताकि हड़ताल समाप्त हो और राजस्व संबंधी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
दमनात्मक कार्रवाई के बजाय संवाद से निकाला जाए समाधान
ज्ञापन में आम आदमी पार्टी ने पटवारियों की मांगों को लेकर शासन द्वारा की जा रही दमनात्मक कार्रवाई का विरोध किया। पार्टी का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान दंडात्मक कार्रवाई से नहीं, बल्कि आपसी संवाद, सहमति और सकारात्मक पहल से किया जाना चाहिए। यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होता है, तो इसका सीधा असर आम जनता और किसानों पर पड़ता है। इसलिए शासन को कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए।
अर्णव तूफान से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग
इसके अलावा हाल ही में अर्णव तूफान के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। लगातार बारिश के चलते खेतों में कटी हुई धान की फसल पानी में डूबने तथा पककर तैयार खड़ी फसल के गिरने से किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। पार्टी ने मांग की कि प्रभावित गांवों एवं खेतों का तत्काल सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान का आकलन कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
शासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ शासन से किसानों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए धान का उचित समर्थन मूल्य निर्धारित करने, लंबित बोनस राशि का भुगतान करने, पटवारियों की समस्याओं का समाधान करने तथा बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की। पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि इनका सीधा प्रभाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आम जनजीवन पर पड़ता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लोकसभा सरगुजा अध्यक्ष, जिला संगठन मंत्री सकील अंसारी, इंद्रदेव नाग, मो. अरमान मलिक, जफर अली एवं सूर्यकांत जायसवाल सहित आम आदमी पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

