✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

16 नवंबर को बलरामपुर के हाई स्कूल ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय आयोजन, जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं की दिखेगी झलक
बलरामपुर। जनजातीय गौरव दिवस 2026 के अवसर पर आगामी 16 नवंबर को बलरामपुर के हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने शनिवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे मंच, टेंट-पंडाल, विभागीय स्टॉल, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित, गरिमामय और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की दिखेगी झलक
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, खान-पान, लोककला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही देवगुड़ी, चित्रकला एवं फोटोग्राफी प्रदर्शनी के माध्यम से जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्टॉल एवं प्रदर्शनी को आकर्षक और व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जाए, जिससे कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा 16 नवंबर को होने वाले इस जिला स्तरीय आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

