बलरामपुर जिले में कल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, 54 केंद्रों में की गई तैयारी पूरी।

Samwad Chhattisgarh

बलरामपुर जिले में कल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, 54 केंद्रों में की गई तैयारी पूरी

इस वर्ष 5 नए धान उपार्जन केंद्रों की हुई शुरुआत, किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य

✍️✍️संपादक जसीम खान कुसमी बलरामपुर ✍️संवाद छत्तीसगढ़ ✍️


बलरामपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर बलरामपुर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के किसानों से धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इसके लिए जिले की 44 समितियों के अंतर्गत कुल 54 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्थित खरीदी को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस वर्ष किसानों को राहत देते हुए जिले में 5 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। इनमें चेरा, रामचंद्रपुर, पचावल, लिलौठी और परसागुठी शामिल हैं। नए केंद्र शुरू होने से आसपास के किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही उपार्जन की सुविधा मिलेगी।

    3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

राज्य शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य के तहत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। वहीं प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक धान उपार्जन किया जाएगा। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा और खेती-किसानी में आर्थिक सहयोग मिलेगा।

 तुहर टोकन ऐप से 24 घंटे मिलेगी टोकन की सुविधा

धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए किसानों को ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। किसान अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन टोकन लेकर निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान विक्रय कर सकेंगे।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर तय तिथि पर अपने उपार्जन केंद्र पहुंचें और शासन की समर्थन मूल्य योजना का लाभ उठाएं।

प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि धान खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की प्राथमिकता है। किसानों का मान ही छत्तीसगढ़ की शान है।

Share This Article
error: Content is protected !!