कुसमी,, दर्दनाक सड़क हादसा: 17 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, हुवा रेफर।

Samwad Chhattisgarh

कुसमी में दर्दनाक सड़क हादसा: 17 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ी बाइक; सड़क के गड्ढों से बचने के दौरान हादसे की आशंका, गारंटी अवधि में सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

कुसमी (बलरामपुर)। कुसमी नगर के मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शिवम् मेडिकल स्टोर के सामने उस समय हुआ, जब बाइक सवार युवक जीप से साइड लेने के दौरान उसके पीछे टोचन कर ले जाई जा रही पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और नगर में शोक का माहौल छा गया।

मृतक की पहचान आशु टोप्पो पिता स्व. सुखचरण, उम्र 17 वर्ष, निवासी ग्राम रातासिली, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक इमरान लकड़ा पिता जुलयानूस लकड़ा, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम रातासिली, थाना कुसमी बताया गया है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।

जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही थी पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल जीप अंबिकापुर की बताई जा रही है। जीप के पीछे एक पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली टोचन कर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने जीप से साइड लेने का प्रयास किया, लेकिन पीछे टोचन कर ले जाई जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही 17 वर्षीय आशु टप्पो की मौत हो गई।

हालांकि दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

   सड़क के गड्ढों से बचने के दौरान हादसे की आशंका

दुर्घटना के बाद कुसमी नगर के मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति भी चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। आशंका जताई जा रही है कि सड़क के गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक सवार युवकों ने जीप से साइड लेने की कोशिश की और पीछे टोचन कर ले जाई जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए।

संबंधित सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कराया गया है और बताया जा रहा है कि सड़क अभी ठेकेदार की गारंटी अवधि में है। इसके बावजूद सड़क पर गड्ढों का बनना निर्माण गुणवत्ता और विभागीय निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

गारंटी अवधि में सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी किसकी?

यदि सड़क की खराब स्थिति दुर्घटना का कारण बनी है, तो यह मामला केवल यातायात दुर्घटना तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। गारंटी अवधि में सड़क पर गड्ढे बनने के बावजूद मरम्मत नहीं होना संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।

अब सवाल यह है कि क्या लोक निर्माण विभाग सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर रहा था? गारंटी अवधि में सड़क खराब होने पर मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? क्या दुर्घटना के बाद विभाग सड़क की गुणवत्ता और गड्ढों की जांच कर जिम्मेदारी तय करेगा?

112 की मदद से अस्पताल पहुंचे दोनों युवक, पुलिस जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। 112 वाहन की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशु टप्पो को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल इमरान लकड़ा को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों, वाहनों की स्थिति और अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

         एक परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

17 वर्षीय आशु की असमय मौत से ग्राम रातासिली में मातम पसरा है। कम उम्र में युवक की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं गंभीर रूप से घायल इमरान के स्वास्थ्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद नगरवासियों ने मुख्य मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई है। सड़क पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत और निर्माण गुणवत्ता की जांच जरूरी है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Share This Article
error: Content is protected !!