NH-343 की बदहाली पर अनशन कर रहे राहुल जीत सिंह की हुई तबियत खराब तो पुलिस ने जबरन उठाया, किया अस्पताल में भर्ती

Samwad Chhattisgarh

रामानुजगंज, बलरामपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की मरम्मत की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे रामानुजगंज निवासी राहुल जीत सिंह को पुलिस ने बलपूर्वक धरना स्थल से उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया है। सिंह 17 दिसंबर 2024 से लरंगसाय चौक के पास अनशन पर बैठे थे और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार, राहुल जीत सिंह जर्जर NH-343 की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके थे। कई महीनों से टूटी-फूटी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं, लेकिन प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। अंततः उन्होंने अनशन का रास्ता अपनाया।

आज अनशन के 3 दिन, पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें जबरन उठा लिया और रामानुजगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। राहुल जीत सिंह का कहना था कि वे तब तक अनशन नहीं तोड़ेंगे जब तक उन्हें लिखित में आश्वासन नहीं मिल जाता कि सड़क की मरम्मत का काम एक महीने के अंदर शुरू हो जाएगा और 2-4 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।

इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने राहुल जीत सिंह की मांगों को सुनने के बजाय उनके साथ ज्यादती की है। बताया जा रहा है कि अनशन के दौरान राहुल जीत सिंह काफी भावुक हो गए थे और “भारत माता की जय” और “महात्मा गांधी की जय” के नारे लगा रहे थे।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की है और प्रशासन से जल्द से जल्द NH-343 की मरम्मत की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है

Share This Article