संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ कुसमी बलरामपुर/9111740798

घटिया सड़क मरम्मत पर विधायक सख्त, कार्य तत्काल रोका
विधायक ने स्पष्ट कहा कि मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य के अलावा कोई भी समझौता स्वीकार नहीं

लोकेशन: बलरामपुर
बलरामपुर जिले के विकासखंड शंकरगढ़ अंतर्गत जोकापाठ से बाड़ी चलगली तक प्रधानमंत्री सड़क मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर आज सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार द्वारा किए जा रहे सड़क मरम्मत कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जहां निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की पाई गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क पर बिछाई जा रही सामग्री, लेयरिंग तथा मरम्मत प्रक्रिया को बारीकी से देखा। मौके पर ही उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्य रोकने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य के अलावा कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ आवागमन सुविधा प्रदान करना है। यदि इसी योजना के तहत घटिया निर्माण किया जाएगा, तो यह सरकार की मंशा और जनता के विश्वास दोनों के साथ धोखा है। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की निगरानी समिति गठित करने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके और कार्य में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य पुनः शुरू करने से पहले तकनीकी जांच कराई जाए और गुणवत्ता की पूरी गारंटी सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगे चलकर दोबारा घटिया निर्माण या नियमों की अनदेखी पाई गई, तो संबंधित ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें ब्लैकलिस्टिंग तक की कार्रवाई संभव है।
विधायक के इस सख्त कदम से क्षेत्र के ग्रामीणों में संतोष और उम्मीद की भावना देखने को मिली। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें भारी परेशानी हो रही थी और अब जनप्रतिनिधि द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने से उन्हें राहत की उम्मीद जगी है।
