
✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़
पेट्रोल-डीजल संकट से लोग परेशान, पंपों पर लगी लंबी कतारें कुसमी विकास खण्ड अंतर्गत 04 पंप लेकिन सिर्फ 01 पंप पर मिल रही ईंधन।

एक तरफ शासन डीपीआर के माध्यम से यह दावा कर रहा है कि पूरे छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ बलरामपुर जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत से आम लोग परेशान नजर आ रहे हैं। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। खासकर कुसमी विकासखंड क्षेत्र में स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है, जहां लोगों को घंटों इंतजार के बाद ईंधन मिल पा रहा है।

बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत रामनाथ पेट्रोल पंप सेमरा में उस समय भारी भीड़ उमड़ पड़ी जब दोपहर में तेल से भरा टैंकर पहुंचा। पेट्रोल और डीजल की कमी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया, चारपहिया और ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गए। देखते ही देखते पंप परिसर में वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

स्थिति ऐसी रही कि कई लोगों को लाइन में खड़े-खड़े देर शाम तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता अनियमित बनी हुई है, जिसके कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। नौकरीपेशा लोगों से लेकर छोटे व्यापारियों तक सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं डीजल की कमी का सबसे ज्यादा असर किसानों पर देखने को मिल रहा है। खेतों में कृषि कार्य के लिए उपयोग होने वाले ट्रैक्टर और अन्य मशीनों को चलाने के लिए किसान घंटों लाइन में खड़े नजर आए। कई किसानों ने बताया कि समय पर डीजल नहीं मिलने से खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई प्रभावित होने के कारण परेशानी उत्पन्न हुई है, हालांकि जैसे-जैसे टैंकर पहुंच रहे हैं, लोगों को तेल उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं आम लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य होगी और पेट्रोल-डीजल की किल्लत से राहत मिलेगी।
