बलरामपुर,,नवाडीहकला गांव  पहुंची कलेक्टर चंदन त्रिपाठी तालाब गहरीकरण कार्यों का लिया जायजा।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

नवाडीहकला गांव पहुंचीं कलेक्टर  चंदन त्रिपाठी
तालाब गहरीकरण कार्यों का लिया जायजा


श्रमिकों से संवाद कर जानी रोजगार और भुगतान स्थिति की जानकारी

बलरामपुर, 11 जून 2026/ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मनरेगा कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नवाडीहकला पहुंचकर मनरेगा के तहत संचालित तालाब गहरीकरण कार्य का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यस्थल पर उपस्थित श्रमिकों से सीधे संवाद कर उन्हें मिलने वाले रोजगार, मजदूरी भुगतान एवं कार्य की स्थिति की जानकारी ली। श्रमिकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से मजदूरी का भुगतान प्राप्त हो रहा है। श्रमिकों ने कहा कि खेती-किसानी के मौसम में यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी और इससे कृषि कार्यों की तैयारियों में सहायता मिलेगी।

कलेक्टर  त्रिपाठी ने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अधिक संख्या में श्रमिकों को कार्य से जोड़ने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण संबंधी परिसंपत्तियों का निर्माण भी सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे गांवों में दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच ने तालाब के सौंदर्यीकरण के संबंध में मौखिक प्रस्ताव भी कलेक्टर के समक्ष रखा। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संभावनाओं का परीक्षण करने और ग्राम के हित में उचित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि तालाब गहरीकरण कार्य पूर्ण होने से क्षेत्र में जल संचयन क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे भू-जल स्तर सुधारने, सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने तथा ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिलने की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा मनरेगा कार्यों की सतत निगरानी कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रमिकों को समय पर रोजगार एवं मजदूरी का लाभ मिले तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे।

Share This Article