
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सोलर दीदियों को मिलेगा रोजगार, अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचेगा योजना का लाभ।

बिहान से जुड़ी महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में दिया गया प्रशिक्षण

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर/9111740798
अम्बिकापुर 20 जून 2026/ प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत सरगुजा के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्युत सखी दीदियों को सोलर दीदी की जिम्मेदारी सौंपते हुए योजना के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कलेक्टर श्री अजीत बसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में बिहान से जुड़ी महिलाएं अब सोलर दीदी के रूप में कार्य करते हुए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार का नया अवसर मिलेगा तथा प्रत्येक सफल सोलर इंस्टॉलेशन पर उन्हें निर्धारित कमीशन अर्जित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की संपूर्ण प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन प्रणाली तथा पात्र हितग्राहियों के चयन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। सोलर दीदियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे परिवारों की पहचान करने के लिए कहा गया, जिनका मासिक बिजली बिल 2,000 रुपये से अधिक है अथवा जिनकी मासिक विद्युत खपत 300 यूनिट तक है, ताकि उन्हें योजना का लाभ दिलाया जा सके।
कार्यशाला में बताया गया कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा लखपति दीदी अभियान को गति प्रदान करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। सोलर दीदियां न केवल योजना के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, बल्कि पात्र परिवारों को आवेदन प्रक्रिया से जोड़ते हुए उन्हें सौर ऊर्जा अपनाने के लिए भी प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम में अपर परियोजना अधिकारी (एपीओ) जिला पंचायत सरगुजा श्री मिथलेश पैकरा, विद्युत विभाग की सहायक अभियंता श्रीमती रश्मि तिर्की, बिहान योजना के जिला मिशन प्रबंधक (डीएमएम) श्री नीरज नामदेव, जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) श्री सुभाष मिश्रा तथा श्री देवेन्द्र सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं बिहान से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।
