
बलरामपुर,,राष्ट्रीय एकता जागरूकता का संदेश लेकर स्कूली बच्चों ने निकाली साइक्लोथॉन

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में लगभग 200 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जिला बलरामपुर- रामानुजगंज श्री वैभव बैंकर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी की उपस्थिति में आज जिला पुलिस द्वारा साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया।
साइक्लोथॉन का आयोजन पुलिस लाइन परेड ग्राउंड बलरामपुर से हाई स्कूल खेल मैदान बलरामपुर तक किया गया। कार्यक्रम में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम बलरामपुर तथा सरस्वती शिशु मंदिर बलरामपुर के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला बलरामपुर-रामानुजगंज श्री विश्व दीपक त्रिपाठी द्वारा हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन को रवाना कर किया गया। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से प्रारंभ हुई साइक्लोथॉन निर्धारित मार्ग से होते हुए हाई स्कूल खेल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
साइक्लोथॉन में शामिल विद्यार्थियों ने एकजुट होकर हर्षोल्लास के साथ साइकिलिंग करते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारे एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया। विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा समाज में एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी श्री विमलेश कुमार देवांगन, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद बालक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बलरामपुर के प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर बलरामपुर के प्राचार्य सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यालयीन शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। साइक्लोथॉन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाया।
