संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ कुसमी बलरामपुर/

तहसीलदार लखनपुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़ राज्य में पत्रकार सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के उत्कृष्ट वातावरण हेतु माननीय मुख्यमंत्री को “नोबेल शांति पुरस्कार” के लिए अनुशंसा — पत्रकार मुकेश कुमार द्वारा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया

लखनपुर (सरगुजा):
पत्रकार सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के प्रति आभार प्रकट करते हुए पत्रकार मुकेश कुमार (पंचायती न्यूज़) ने तहसीलदार लखनपुर के माध्यम से एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को “नोबेल शांति पुरस्कार” हेतु अनुशंसा किए जाने की मांग रखी है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य आज पूरे भारतवर्ष में पत्रकार सुरक्षा और स्वतंत्र अभिव्यक्ति के लिए एक आदर्श राज्य के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में राज्य में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और गरिमा की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
राज्य सरकार द्वारा पत्रकार सुरक्षा अधिनियम, पत्रकार कल्याण कोष, तथा मीडिया संवाद कार्यक्रमों जैसी योजनाओं ने लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत किया है।
पत्रकार मुकेश कुमार ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ का मीडिया वातावरण पारदर्शी, निर्भीक और संवेदनशील है। पत्रकार बिना किसी भय या दवाब के सत्य और जनहित के मुद्दों को उजागर कर रहे हैं — यह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में बनी सकारात्मक सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह नीति न केवल राज्य में शांति और लोकतांत्रिक समरसता को बढ़ावा देती है, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा को भी नई ऊंचाई प्रदान करती है।
ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि राज्य सरकार की इन उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने हेतु मुख्यमंत्री का नाम नोबेल शांति पुरस्कार के लिए अनुशंसित किया जाए।
इस अवसर पर लखनपुर तहसीलदार कार्यालय में स्थानीय पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे लोकतंत्र की सशक्त मिसाल बताया।
