संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ कुसमी बलरामपुर/9111740798

अम्बिकापुर 14 अक्टूबर 2025/ सरगुजा वनमंडल अंतर्गत लुंड्रा परिक्षेत्र के लालमाटी बीट में जंगल में विचरण कर रहे जंगली हाथियों के झुंड के हमले में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वनमंडलाधिकारी सरगुजा ने बताया कि दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को वन परिक्षेत्र लुंड्रा के अंतर्गत लालमाटी बनक्षेत्र में जंगली हाथियों का दल घूम रहा था। इस दौरान वन कर्मचारियों द्वारा बार-बार चेतावनी और रोकने के बावजूद कुछ व्यक्ति हाथियों को देखने एवं फोटो खींचने के उद्देश्य से जंगल के भीतर चले गए।
इसी क्रम में राजकुमार नायक पिता चंदू नायक, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी भोपाल (मध्य प्रदेश), वर्तमान में अम्बिकापुर में रह रहे थे, पर दुर्भाग्यवश हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस विभाग एवं मृतक के परिजनों को दी गई है। वन अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और आवश्यक अग्रिम कार्रवाई जारी है।
वन विभाग द्वारा शासन के निर्देशानुसार मृतक के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि 25,000 रुपए प्रदान की गई है। साथ ही आसपास के गांवों में हाथियों की उपस्थिति की जानकारी लगातार दी जा रही है तथा लोगों को जंगली हाथियों से दूरी बनाए रखने हेतु व्यापक जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि जंगली हाथी या अन्य वन्यजीवों के नजदीक न जाएं, उनके साथ फोटो या वीडियो लेने का प्रयास न करें। यह न केवल खतरनाक है बल्कि जीवन के लिए भी जोखिम भरा हो सकता है।
सरगुजा वनमंडल द्वारा जंगली हाथियों की गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है और स्थानीय ग्रामीणों को समय-समय पर सचेत किया जा रहा है ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
