✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

अंबिकापुर,,सामूहिक विवाह 2026 को लेकर महत्वपूर्ण मुशावरती बैठक आयोजित

रज़ा यूनिटी फाउंडेशन की पहल, समाज के वरिष्ठजनों एवं विभिन्न कमेटियों के जिम्मेदार लोगों ने की शिरकत

अंबिकापुर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन, अम्बिकापुर की ओर से प्रस्तावित सामूहिक विवाह 2026 — “आसान निकाह, खुशहाल ज़िंदगी” के सिलसिले में एक महत्वपूर्ण मुशावरती बैठक डॉ. ज़ाकिर हुसैन हॉल, बरेज तालाब, अम्बिकापुर में आयोजित की गई।

बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, बुज़ुर्गों, समाजसेवियों तथा अलग-अलग सामाजिक एवं सामुदायिक कमेटियों के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने शिरकत की। उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक विवाह की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में सामूहिक विवाह के उद्देश्य, आयोजन की तैयारियों, जरूरतमंद परिवारों के चयन तथा कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समाज के वरिष्ठजनों एवं विभिन्न कमेटियों के जिम्मेदार लोगों ने रज़ा यूनिटी फाउंडेशन की इस पहल का हौसला बढ़ाते हुए हरसंभव सहयोग एवं मदद देने का भरोसा दिलाया और अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि समाज में विवाह और निकाह को आसान बनाया जाए, फिजूलखर्ची एवं अनावश्यक रस्मों को कम किया जाए तथा जरूरतमंद और पात्र परिवारों को सम्मान के साथ विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जाए।
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि सामूहिक विवाह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सादगी, भाईचारे, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की एक सकारात्मक पहल है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों पर विवाह का बोझ कम करना और समाज में सरल एवं सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना है।
इस पहल को सफल बनाने के लिए समाज के अहले-खैर, वरिष्ठजन, युवा, सामाजिक संगठन, विभिन्न कमेटियां एवं जिम्मेदार नागरिक आगे आएं और अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस अभियान का लाभ उठा सकें।
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे सामूहिक विवाह की इस मुहिम को अपना सहयोग दें और इसे एक सफल सामाजिक आंदोलन बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
“सामूहिक विवाह करो, निकाह को आसान करो, फिजूलखर्ची कम करो।”
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन
अम्बिकापुर, जिला सरगुजा, छत्तीसगढ़
