बलरामपुर,,बरसात खत्म होने के बाद कंठी घाट मार्ग चालू कराने की मांग तेज, क्षेत्रवासियों ने विधायक को सौंपा लिखित आवेदन।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

बरसात खत्म होने के बाद कंठी घाट मार्ग चालू कराने की मांग तेज, क्षेत्रवासियों ने विधायक को सौंपा लिखित आवेदन

लोकेशन बलरामपुर।

कुसमी-सामरी से बलरामपुर जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के चांदो-कंठी घाट में पिछले करीब चार महीने से आवागमन प्रभावित है। बरसात के दौरान सड़क की स्थिति खराब होने, मिट्टी कटिंग और जगह-जगह बड़े पेड़ गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर आवागमन बंद कराया गया था। अब बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद क्षेत्रवासियों ने एक बार फिर कंठी घाट मार्ग को आम लोगों के लिए चालू कराने की मांग उठाई है।

क्षेत्र के ग्रामीणों एवं राहगीरों का कहना है कि कंठी घाट मार्ग बंद होने से सामरी क्षेत्र के लोगों को बलरामपुर जिला मुख्यालय आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा के काम, शासकीय कार्यालय, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ रहे हैं।

सुरक्षा को देखते हुए बरसात में बंद किया गया था मार्ग

बताया गया कि लगातार बारिश के कारण कंठी घाट क्षेत्र में सड़क किनारे की मिट्टी कटिंग होने तथा बड़े-बड़े पेड़ों के गिरने की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बलरामपुर कलेक्टर द्वारा बरसात के दौरान मार्ग बंद रखने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया था।

लेकिन अब क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात का मौसम समाप्त हो चुका है। ऐसे में सड़क एवं घाट का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए मार्ग को पुनः चालू किया जाना चाहिए।

 सामरी विधायक से लगाई चालू करवाने की गुहार

कंठी घाट मार्ग बंद होने से परेशान क्षेत्रवासियों ने सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा को लिखित आवेदन सौंपकर मार्ग को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने विधायक से आग्रह किया है कि मामले को जिला प्रशासन के समक्ष रखकर कंठी घाट मार्ग का निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य पूर्ण कराकर आम लोगों के लिए आवागमन बहाल कराया जाए।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि कंठी घाट मार्ग सामरी क्षेत्र को बलरामपुर जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बंद रहने से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। खासकर जिला की शासकीय,कार्य  विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और जरूरी कार्यों से जिला मुख्यालय जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

     अब प्रशासन से सड़क चालू कराने की उम्मीद

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि कलेक्टर द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर कंठी घाट मार्ग की वर्तमान स्थिति का तत्काल जायजा कराया जाए। यदि मार्ग आवागमन के लिए सुरक्षित है तो उसे जल्द चालू किया जाए और जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, वहां आवश्यक मरम्मत कराकर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा जल्द कार्रवाई की जाएगी, जिससे सामरी,कुसमी क्षेत्र के लोगों को बलरामपुर जिला मुख्यालय तक आवागमन में राहत मिल सके।

Share This Article