
जिला पंचायत सीईओ ने कंचननगर में परखी स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियां
समूह आधारित उद्यमों के विस्तार एवं लखपति दीदी अभियान से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
महिला समूहों के नवाचारों का अवलोकन कर समूहों का बढ़ाया उत्साह

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर
बलरामपुर, 22 जुलाई 2026/ जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ग्राम कंचननगर संचालित स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का जायजा लिया।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने शक्ति महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती रौशनी के यहां उपलब्ध कृषि उपकरणों का अवलोकन कर उनके संचालन, रखरखाव एवं साझा उपयोग प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने समूहों को कृषि यंत्रीकरण का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए उत्पादन लागत में कमी लाने एवं आय वृद्धि के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उन्होंने जमुना महिला स्वयं सहायता समूह की श्रीमती अनीता मंडल एवं महा सरस्वती स्वयं सहायता समूह की श्रीमती दीपिका हालदार द्वारा मचान पद्धति से किए जा रहे सब्जी बीजोत्पादन एवं सिंचाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, वैज्ञानिक जल प्रबंधन तथा उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं गुणवत्ता बढ़ाने संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिया।
जिला पंचायत सीईओ ने स्वयं सहायता समूहों के बचत एवं ऋण संचालन, गतिविधि पंजी तथा अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, वित्तीय पारदर्शिता तथा नियमित लेखांकन के महत्व पर जोर देते हुए समूहों को निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें लखपति दीदी अभियान से जुड़कर आयवर्धन की दिशा में संगठित प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समूह आधारित उद्यमों के विस्तार, क्लस्टर आधारित विपणन, आकर्षक पैकेजिंग, वैज्ञानिक भंडारण, प्रत्यक्ष बाजार संपर्क तथा शासकीय एवं बैंकिंग योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर स्वरोजगार एवं आय के स्थायी स्रोत विकसित करने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
