बलरामपुर,,मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, जिले में 5.46 लाख मतदाता, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति।

Samwad Chhattisgarh

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, जिले में 5.46 लाख मतदाता, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

बलरामपुर, 12 नवंबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों तथा सभी मतदान केंद्रों में प्रकाशित की गई है। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और बिना फोटो वाली मतदाता सूची की सीडी की एक-एक प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल सिदार द्वारा बताया गया कि प्रारंभिक प्रकाशन में जिले में कुल 5,46,133 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रतापपुर (आंशिक) विधानसभा क्षेत्र में 1,20,179 मतदाता हैं, जिनमें 59,248 महिला और 60,931 पुरुष हैं। रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में 2,12,254 मतदाता हैं, जिनमें 1,04,609 महिला, 1,07,637 पुरुष और 8 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

सामरी विधानसभा क्षेत्र में 2,13,700 मतदाता हैं, जिनमें 1,06,935 महिला, 1,06,764 पुरुष और 1 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जिले में सेवा मतदाताओं की संख्या 368 है। 21 फरवरी 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतिम प्रकाशन के बाद से जिले में 10,144 मतदाता बढ़े हैं। रामानुजगंज और सामरी विधानसभा क्षेत्र में 302-302, यानी कुल 604 मतदान केंद्र हैं। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के 168 मतदान केंद्रों का प्रकाशन सूरजपुर जिले द्वारा किया गया है।
पात्र नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक अपने मतदान केंद्र में बूथ लेवल अधिकारी के पास दावा-आपत्ति जमा कर सकते हैं। नए मतदाता पंजीयन के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 तथा त्रुटि सुधार, स्थानांतरण, एपिक कार्ड की द्वितीय प्रति और दिव्यांगता पंजीयन के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है। ये फॉर्म ECINET मोबाइल ऐप या voters.eci.gov.in  पोर्टल से ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले नागरिक भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक होगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

पंजीयन के बाद मतदाता अपना ई-एपिक कार्ड पोर्टल या मोबाइल ऐप से स्वयं डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि एपिक कार्ड की फिजिकल कॉपी स्पीड पोस्ट से घर पहुँचाई जाएगी। मतदाता ECINET के माध्यम से अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1950 पर जानकारी ले सकते हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध जिला मजिस्ट्रेट और उसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील की जा सकती है।

Share This Article
error: Content is protected !!