बलरामपुर,,वनमंडल बलरामपुर द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वन महोत्सव 2026 का आयोजन

Samwad Chhattisgarh

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

प्रयास आवासीय विद्यालय भेलवाडीह में मनाया गया वन महोत्सव

मंत्री श्री नेताम ने रूद्राक्ष का पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


पर्यावरण सुरक्षा के लिए वृक्षों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी-मंत्री श्री नेताम

हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकुल समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान

बलरामपुर, 11 जुलाई 2026/ वनमंडल बलरामपुर द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वन महोत्सव 2026 का आयोजन प्रयास आवासीय विद्यालय भेलवाडीह में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन एवं पशुपालन विभाग मंत्री श्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री नेताम ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर, वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक बाजपेयी, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वन महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि वन महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मानव द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के अत्याधिक दोहन हुआ है। ऐसे में जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वृक्षों का संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हम अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझेंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह पाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और प्रत्येक घर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें। उन्होंने सभी से हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सरकार बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध करा रही है। विद्यार्थियों को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने परिश्रम से जीवन में सफलता प्राप्त करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने अपने स्कूली जीवन के अनुभव भी साझा करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी कम से कम एक पौधा लगाए, उसका संरक्षण एवं संवर्धन करे तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने उपस्थिजनों को वन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनि निकुंज ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जल, जंगल और जमीन का संरक्षण किया, इसलिए आज हमारी जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर और उनका संरक्षण कर इस विरासत को आगे बढ़ाएं और सभी के सामूहिक प्रयासों से ही बलरामपुर को हराभरा, स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

कलेक्टर श्री चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने नाम और अपनी बेटी के नाम एक-एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक हर चरण में पेड़ों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है, इसलिए उनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है  और आने वाले समय में इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने, अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

वनमंडलाधिकारी श्री आलोक बाजपेयी ने  कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान आज देशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज के सभी वर्ग बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं, जिससे वृक्षों की संख्या में बेहतर वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्रवाई की गई है, जिसका सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में बलरामपुर की हरित पहचान के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि सही दिशा ही कल की बेहतर दशा तय करेगी।
श्री बाजपेयी ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण जैव विविधता के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस दौरान मंत्री श्री नेताम ने एक पेड़ मां के नाम-प्रकृति संरक्षण का जन आंदोलन के तहत चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया।

    ग्रीन एटीएम से किया गया निःशुल्क पौधा वितरण

जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रीन एटीएम के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। मंत्री श्री नेताम ने स्वयं ग्रीन एटीएम से पौधा प्राप्त कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधे प्राप्त किए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

Share This Article