बलरामपुर,,मतदाता जागरूकता अभियान: स्कूल-कॉलेजों में निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन, 20 नवंबर को होगा जिला स्तरीय फाइनल।

Samwad Chhattisgarh

✍️✍️ संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर✍️✍️

मतदाता जागरूकता अभियान: स्कूल-कॉलेजों में निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन, 20 नवंबर को होगा जिला स्तरीय फाइनल

जिले के 144 निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को किया जा रहा जागरूक, नए मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने की पहल

बलरामपुर, 09 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के तत्वावधान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

यह विशेष अभियान आगामी आम निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए जिले के निर्वाचन साक्षरता क्लबों (Electoral Literacy Clubs-ELC) के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में नए मतदाताओं के साथ-साथ ऐसे छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया जा रहा है, जो आगामी निर्वाचन से पहले 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं। इसका उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में जागरूक मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।

     जिले में गठित हैं 144 निर्वाचन साक्षरता क्लब

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुल 144 निर्वाचन साक्षरता क्लब गठित किए गए हैं। इन क्लबों के माध्यम से स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले के सभी हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल एवं महाविद्यालयों को निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    स्कूल स्तर से जिला स्तर तक होगी प्रतियोगिता

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05 नवंबर 2026 को जिले के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता से दो विद्यार्थियों का चयन आगामी चरण के लिए किया जाएगा। इसके बाद 14 नवंबर 2026 तक विधानसभा स्तरीय राउंड के लिए कुल 10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का अंतिम चरण 20 नवंबर 2026 को जिला ग्रंथालय, बलरामपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित प्रतिभागियों के बीच अंतिम मुकाबला होगा।

महाविद्यालयों में भी 12 से 20 नवंबर तक होंगी प्रतियोगिताएं

मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए जिले के सभी महाविद्यालयों में भी 12 नवंबर से 20 नवंबर 2026 के बीच निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के अधिकार एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

20 नवंबर को परिणाम घोषित, विजेताओं को मिलेंगे प्रमाण-पत्र

स्कूलों एवं महाविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम 20 नवंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे। इसी दिन विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि युवाओं को मतदान के महत्व से परिचित कराना और उन्हें लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ने के साथ ही भविष्य के मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article
error: Content is protected !!