दिल्ली चुनाव से पहले AAP विधायक ने दिखाए बागी तेवर, सीएम से न मिला जवाब; तो लाकड़ा ने खुद किया शिलान्यास

Samwad Chhattisgarh

दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के विधायक धर्मपाल लाकड़ा ने बागी तेवर दिखाते हुए खुद ही विकास कार्यों का शुभारंभ कर दिया। मुख्यमंत्री से जवाब न मिलने पर उन्होंने उपराज्यपाल का धन्यवाद करते हुए 114 करोड़ रुपये की लागत से रोहतक रोड ड्रेन नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया। लाकड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार ने अपनी नाकामी का ठीकरा उनके सिर फोड़ने की कोशिश की।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद मुंडका से आम आदमी पार्टी के विधायक धर्मपाल लाकड़ा ने बागी तेवर दिखाए हैं। तीन दिन पहले मुख्यमंत्री से विकास कार्यों का शुभारंभ करने की मांग करने वाले विधायक ने रविवार को उपराज्यपाल का धन्यवाद करते हुए खुद ही विकास कार्यों की शुरूआत कर दी।

आरोप, सरकार ने अपनी नाकामी का ठीकरा उन पर फोड़ा

उन्होंने कहा कि वे चाहते थे कि चुनावी आचार संहिता लगने से पहले मुख्यमंत्री 114 करोड़ की विकास परियोजना का शुभारंभ करें, लेकिन उनकी ओर से जवाब नहीं आया। इसलिए, खुद ही उद्घाटन का फैसला लेना पड़ा।उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी नाकामी का ठीकरा उनके सिर फोड़ने की कोशिश की, इसी कारण उनकी टिकट काटी गई।

रोहतक रोड ड्रेन नवीनीकरण कार्य का किया शुभारंभ

मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास आयोजित कार्यक्रम में विधायक धर्मपाल लाकड़ा ने नारियल फोड़कर 114 करोड़ रुपये की लागत से रोहतक रोड ड्रेन नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस बार आम आदमी पार्टी ने धर्मपाल लाकड़ा को टिकट नहीं दी है।कार्यक्रम में लाकड़ा के बागी तेवर देखने को मिले। उन्होंने कहा कि इस मानसून रोहतक रोड पर जलभराव हुआ और लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ा।सरकार ने इस नाकामी काे उनके सिर मढ़कर उनका टिकट काट दिया।

आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू हो जाए काम

अब वे चाहते थे कि चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले इस परियोजना पर काम शुरू हो जाए, इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया।उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना के सहयोग के कारण परियोजना का शुभारंभ हो पाया।उन्होंने कहा कि वे चुनाव लड़ना चाहते हैं और क्षेत्र की जनता उन्हें दोबारा विधायक देखना चाहती है।भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रस्ताव आएगा, तब देखा जाएगा।

दिल्ली में कब होगा चुनाव?

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर फरवरी में चुनाव होना प्रस्तावित है। इसके लिए चुनाव आयोग एक-दो दिन में तारीखों का एलान कर सकता है। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले राजधानी में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच विकास कार्यों का उद्घाटन व शुभारंभ करने की होड़ मची हुई है। आम आदमी पार्टी सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम का एलान कर चुकी है। इसमें कई वर्तमान विधायकों के टिकट काटे गए हैं। जिससे कई आप विधायक पार्टी से बगावत करते दिख रहे हैं।

Share This Article