संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ कुसमी बलरामपुर,/9111740798

वाड्रफनगर: स्कूल की चारदीवारी में दरिंदगी, नाबालिग छात्रा से बैड टच का आरोप, प्राचार्य फरार

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत एक हायर सेकेंडरी स्कूल से बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। स्कूल के ही प्राचार्य पर नाबालिग छात्रा के साथ बैड टच करने का आरोप लगा है घटना सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित नाबालिग छात्रा ने साहस दिखाते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर वाड्रफनगर पुलिस चौकी पहुंचे, जहां आरोपी प्राचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी प्राचार्य की पहचान युवधन जायसवाल के रूप में हुई है एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह फरार है पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह पूरा मामला वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरती हायर सेकेंडरी स्कूल का बताया जा रहा है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है और वे स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

डीईओ मनीराम यादव ने क्या कहा
इस पूरे मामले को लेकर जब जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव से फोन पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गई है और जांच पूर्ण होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
