छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री के निर्देश में मनेगी सुशासन तिहार तीन चरणों में आयोजित होगा सुशासन तिहार।

Samwad Chhattisgarh



प्रधान संपादक जसीम खान कुसमी बलरामपुर 9111740798 संवाद छत्तीसगढ़

पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में मुख्यमंत्री की विशेष पहल

तीन चरणों में आयोजित होगा सुशासन तिहार

8 अप्रैल से प्रथम चरण होगी प्रारंभ

शिकायत, समस्या, सुझाव व मांग से सम्बंधित आवेदन को समाधान पेटी में जमा करने की होगी सुविधा

मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारी विकास कार्यों का करेंगे औचक निरीक्षण

बलरामपुर, 5 अप्रैल 2025/प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में राज्य में ‘सुशासन तिहार -2025’ का आयोजन  किया जाएगा। जो शासन की पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करेगा। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।
यह आयोजन प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक अहम मंच बनेगा, जिससे विकास कार्यों में गति और योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकेगा।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारी सरकार लगातार सुशासन की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। इस तिहार के माध्यम से सभी स्तरों पर जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

सुशासन तिहार-2025 की प्रथम एवं द्वितीय चरण की रूपरेखा

सुशासन तिहार-2025  का पहला चरण 08 से 11 अप्रैल 2025 तक होगा, जिसमें आम जनता से उनकी समस्याओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। यह आवेदन ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में समाधान पेटी के माध्यम से प्राप्त होंगे। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन की व्यवस्था की जाएगी और आवेदनकर्ताओं को पावती दी जाएगी। दूसरे चरण में आवेदन प्राप्त होने के बाद, संबंधित अधिकारियों द्वारा इन्हें एक माह के भीतर समय सीमा में  समाधान सुनिश्चित करना होगा।आवेदन के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा राज्य और जिला स्तर पर की जाएगी।

तीसरे चरण में समाधान शिविर होगी आयोजित

समाधान शिविरों का आयोजन 05 मई से 31 मई 2025 तक क्लस्टर के रूप में किया जाएगा। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी और जहां संभव होगा, वहीं समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।

क्षेत्र के सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

सुशासन तिहार में स्थानीय सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वे तिहार के प्रत्येक चरण में शामिल होंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।

विकास कार्य का निरीक्षण
मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारी प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का क्रियान्वयन सह तरीके से हो रहा है और लोगों को उनका लाभ मिल रहा है।

विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का होगा उपयोग

तिहार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया, समाधान की निगरानी और जनता के साथ संवाद के लिए विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का उपयोग किया जाएगा।

कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों से कहा है कि ‘सुशासन तिहार 2025’ के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू की जाएं ताकि सरकार की मंशानुरूप यह महत्वपूर्ण कार्य हो सके।

Share This Article