संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ कुसमी बलरामपुर/9111740798

कुसमी में अटल परिसर का भव्य लोकार्पण, भगवान बिरसा मुंडा एवं स्व. लरंग साय जी की प्रतिमाओं का हुआ अनावरण।सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप मे रहीं।

नगर पंचायत कुसमी में आज एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बना, जब अटल परिसर का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा एवं क्षेत्र के प्रख्यात जननायक स्वर्गीय लरंग साय जी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।

लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि ओमप्रकाश जयसवाल एवं आनंद जयसवाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र भगत ने की। अतिथियों का स्वागत नगर पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं सम्मानपूर्वक किया गया।
इस अवसर पर विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा एवं स्व. लरंग साय जी ने समाज के उत्थान, अधिकारों की रक्षा और जनजागरण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनकी प्रतिमाओं की स्थापना से युवा पीढ़ी को संघर्ष, साहस और समाजसेवा की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने अटल परिसर को सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र भगत ने कहा कि अटल परिसर नगरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण धरोहर है। यहां भविष्य में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, जनहितकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत निरंतर विकास कार्यों के साथ-साथ महापुरुषों की स्मृतियों को संजोने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे परिसर में देशभक्ति एवं सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
समारोह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
