कुसमी में बिरसा मुंडा मेमोरियल जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 40 टीमें दिखाएंगी दमखम।

Samwad Chhattisgarh

कुसमी में बिरसा मुंडा मेमोरियल जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 40 टीमें दिखाएंगी दमखम

उद्घाटन मुकाबले में दर्रीपारा ने रतासीली को 1-0 से हराया, विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख 1 हजार रुपये का नगद पुरस्कार

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

कुसमी/बलरामपुर। सर्व आदिवासी समाज के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय बिरसा मुंडा मेमोरियल जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का स्थानीय हाईस्कूल मैदान में भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। उद्घाटन मैच में दर्रीपारा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रतासीली को 1-0 से पराजित कर जीत के साथ प्रतियोगिता का आगाज किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जन्मजय सिंह, रामचंद्र निकुंज, लक्ष्मी निकुंज, लक्ष्मण पैकरा सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात छात्रावास की छात्राओं ने आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

रोमांचक मुकाबले में दर्रीपारा ने 01 गोल से मारी बाजी

उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद दर्रीपारा और रतासीली के बीच मुकाबला शुरू हुआ। दोनों टीमों ने मैदान में बेहतरीन खेल कौशल, तालमेल और संघर्ष का परिचय दिया। पहले हाफ में दर्रीपारा की टीम ने शानदार आक्रमण करते हुए एक गोल दागकर बढ़त बना ली। इसके बाद रतासीली की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन देवरी के खिलाड़ियों ने मजबूत खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने का मौका नहीं दिया। अंततः निर्धारित समय तक स्कोर 1-0 रहने से दर्रीपारा ने उद्घाटन मुकाबला अपने नाम कर लिया।

40 टीम ने लिया हिस्सा, विजेता को 1.01 लाख रुपये

आयोजन समिति के अनुसार लगभग 20 दिनों तक चलने वाली इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 40 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये नगद एवं आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 15 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे गए हैं।

ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच: सिद्धनाथ पैकरा

मुख्य अतिथि पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा ने आयोजन समिति को इस भव्य प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अपने पुरखों की स्मृति में इस तरह के आयोजन करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की। यह प्रतियोगिता क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है। हारने वाली टीम को निराश होने के बजाय अपनी कमियों को सुधारकर आगे बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए। सभी खिलाड़ी पूरी ईमानदारी, अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलें तथा अपने क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम में नइमुद्दीन,, रामचंद्र निकुंज,,लक्ष्मी निकुंज,, मंगलसाय,, बोधन बुनकर,, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण पैकरा,, जगमोहन सोनवानी,, पवनसाय,, किरताराम,, अंबिकेश्वर, समीम हुसैन,,सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या मे उपस्थित रहे।

Share This Article
error: Content is protected !!