कुसमी,,भूलसी 13 लाख की सीसी        सड़क निर्माण में गुणवत्ता से खिलवाड़ का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा; ठेकेदार के कर्मचारियों की मनमानी से बढ़ा विवाद।

Samwad Chhattisgarh

13 लाख की सीसी सड़क निर्माण में गुणवत्ता से खिलवाड़ का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा; ठेकेदार के कर्मचारियों की मनमानी से बढ़ा विवाद

भूलसी में 20 एमएम की जगह 40 एमएम गिट्टी, बिना वाइब्रेटर के हो रही ढलाई; सरपंच ने अधिकारियों से की शिकायत, कर्मचारियों ने कथित तौर पर कहा—“हम अपने हिसाब से काम करेंगे, जहां शिकायत करना है कर लें”

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

कुसमी/बलरामपुर। ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा देने के नाम पर सरकारी राशि से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में यदि गुणवत्ता के मानकों की खुलेआम अनदेखी हो, तो विकास कार्यों की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भूलसी में मंडी बोर्ड के माध्यम से लगभग 13 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी सड़क को लेकर ऐसा ही गंभीर मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी मानकों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए सरपंच, उपसरपंच एवं ग्रामीणों ने ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।


ग्रामीणों और जनपतिनिधियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित आकार की गिट्टी के बजाय बड़ी गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है, सीमेंट और गिट्टी का अनुपात सही नहीं रखा जा रहा तथा सड़क की मजबूती के लिए जरूरी वाइब्रेटर मशीन का उपयोग भी नहीं किया जा रहा। इतना ही नहीं, निर्माण कार्य में सुधार कराने पहुंचे जनप्रतिनिधियों को ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर चुनौती दिए जाने से मामला और गरमा गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण की गुणवत्ता में तत्काल सुधार नहीं हुआ, तो वे सड़क निर्माण कार्य बंद करा देंगे।

23 पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्य, भूलसी में गुणवत्ता पर सवाल

जानकारी के अनुसार मंडी बोर्ड द्वारा कुसमी जनपद क्षेत्र की लगभग 23 ग्राम पंचायतों में ठेका पद्धति से सीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत भूलसी में करीब 13 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से सीसी सड़क का निर्माण कार्य जारी है।

सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने और गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन भूलसी में निर्माण की मौजूदा स्थिति देखकर ग्रामीणों को आशंका है कि यदि सड़क इसी गुणवत्ता से बनाई गई, तो कुछ ही समय में इसकी परत उखड़ने लगेगी और सरकारी राशि का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा इसका जिम्मेदार कौन?

20 एमएम की जगह 40 एमएम गिट्टी, सीमेंट कम और बालू अधिक डालने का आरोप

सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कई तकनीकी खामियों का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक सीसी सड़क की ढलाई में निर्धारित 20 एमएम की गिट्टी के स्थान पर 40 एमएम की बड़ी गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। वहीं कंक्रीट मिश्रण में सीमेंट और गिट्टी की मात्रा कम तथा बालू अधिक मिलाए जाने की शिकायत भी सामने आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की ढलाई के दौरान कंक्रीट को सही तरीके से बैठाने और मजबूती प्रदान करने के लिए वाइब्रेटर मशीन का उपयोग बेहद जरूरी है, लेकिन मौके पर बिना वाइब्रेटर चलाए ही ढलाई की जा रही है। ऐसे में सड़क की मजबूती और टिकाऊपन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड गायब, जनता से छिपी कार्य की जानकारी

निर्माण कार्य में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कार्यस्थल पर अब तक सूचना पटल नहीं लगाया गया है। निर्माण स्थल पर बोर्ड नहीं होने से ग्रामीणों को कार्य की स्वीकृत लागत, निर्माण एजेंसी, सड़क की लंबाई, चौड़ाई, मोटाई, समयसीमा और तकनीकी मापदंडों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब निर्माण कार्य की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही और विभागीय अधिकारियों की नियमित निगरानी भी नहीं दिख रही, तो ठेकेदार के कर्मचारियों को मनमानी करने का खुला अवसर मिल रहा है।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दिए निर्देश, फिर भी नहीं सुधरा काम?

ग्राम पंचायत भूलसी के सरपंच राजेश एक्का के मुताबिक, सड़क निर्माण की गुणवत्ता खराब देखकर उन्होंने मंडी बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और ठेकेदार के कर्मचारियों को गिट्टी बदलने, मिश्रण का अनुपात ठीक करने तथा वाइब्रेटर मशीन का उपयोग करने सहित आवश्यक निर्देश दिए थे।

सरपंच का कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें यह भी आश्वस्त किया था कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होता है, तो वे काम रुकवा सकते हैं। लेकिन जब उन्होंने अधिकारियों के निर्देशों का पालन कराने के लिए कर्मचारियों से निर्माण में सुधार करने को कहा, तो कर्मचारियों ने कथित तौर पर उल्टा उनसे विवाद करते हुए कहा कि वे अपने हिसाब से काम करेंगे और जहां शिकायत करनी है कर लें।

कर्मचारियों के इस कथित रवैये से पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्देश दे चुके हैं, तो आखिर उनके निर्देशों का पालन क्यों नहीं कराया जा रहा और किसके संरक्षण में निर्माण की मनमानी जारी है?

ग्रामीणों की चेतावनी—गुणवत्ता से समझौता नहीं, जरूरत पड़ी तो बंद कराएंगे काम

ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे गांव में विकास कार्य के विरोधी नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि सरकारी राशि का उपयोग सही तरीके से हो और सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बने। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया, तो वे किसी भी कीमत पर घटिया सड़क बनने नहीं देंगे।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराई जाए, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए, तकनीकी मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित किया जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

विभाग ने माना शिकायत हुई, सुधार नहीं होने पर नोटिस और कार्रवाई का आश्वासन

इस मामले में मंडी बोर्ड के सब इंजीनियर आकाश रात्रे ने बताया कि सरपंच द्वारा सीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद वे स्वयं एवं एसडीओ मौके पर पहुंचे थे और ठेकेदार के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण की गुणवत्ता सुधारने को कहा गया था।

उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया जा रहा है, तो ठेकेदार को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरपंच एवं ग्रामीणों को भी निर्देशित किया गया है कि गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर तत्काल काम रुकवाकर विभाग को सूचना दें। निर्माण कार्य में ठेकेदार की मनमानी बिल्कुल नहीं चलने दी जाएगी।

अब सवाल—13 लाख की सड़क की गुणवत्ता की जिम्मेदारी किसकी?

भूलसी में निर्माणाधीन सीसी सड़क का मामला अब केवल गुणवत्ता की शिकायत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। जब जनप्रतिनिधि निर्माण की खामियां सामने ला रहे हैं, विभागीय अधिकारी निरीक्षण कर निर्देश दे चुके हैं, फिर भी यदि मौके पर मनमानी जारी रहने का आरोप है, तो जवाबदेही तय होना जरूरी है।

अब देखना होगा कि मंडी बोर्ड के अधिकारी निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करते हैं या 13 लाख रुपये की लागत से बन रही यह सड़क ग्रामीणों की आशंका के अनुरूप भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ जाती है।

Share This Article
error: Content is protected !!