
बलरामपुर,,आकांक्षी विकासखंड शंकरगढ़ में पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में जनजागरूकता गतिविधियां जारी।

✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻
बलरामपुर, 11 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर आकांक्षी विकासखंड शंकरगढ़ में पोषण माह 2026 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुख्य प्रदर्शन संकेतकों (KPI) में सुधार करना और निर्धारित लक्ष्यों की संतृप्ति सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरी बालिकाओं को संतुलित आहार, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता, वृद्धि निगरानी और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय रूप से उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने और उन्हें दैनिक आहार में शामिल करने की जानकारी भी दी जा रही है। कुपोषण की रोकथाम, बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए विभागीय अमला और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समुदाय की सक्रिय सहभागिता से इन प्रयासों को आगे बढ़ा रहे हैं।
