राजपुर,,आम आदमी पार्टी ने आवारा पशुओं की समस्या पर प्रशासन को घेरा, किसानों की फसलों की सुरक्षा हेतु स्थायी समाधान की मांग।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

आम आदमी पार्टी ने आवारा पशुओं की समस्या पर प्रशासन को घेरा, किसानों की फसलों की सुरक्षा हेतु स्थायी समाधान की मांग

राजपुर, बलरामपुर।
आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर के जिलाध्यक्ष ज़फर खान के नेतृत्व में आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या, किसानों की खड़ी फसलों को हो रहे भारी नुकसान तथा सड़क दुर्घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि आवारा पशुओं के कारण किसान लगातार आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। वहीं मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं के खुले घूमने से आम नागरिकों की जान-माल पर भी खतरा बना हुआ है। पार्टी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई गौठान एवं गौशालाएं निष्क्रिय हैं या उनका संचालन प्रभावी ढंग से नहीं हो रहा है, जिसके कारण समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।

आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि सभी निष्क्रिय गौठानों एवं गौशालाओं को तत्काल सक्रिय किया जाए, आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए, उनके लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, नियमित उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मुख्य सड़कों से आवारा पशुओं को हटाकर दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

जिलाध्यक्ष ज़फर खान ने कहा कि किसानों की मेहनत की फसल को बचाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी किसानों एवं आम जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान अजीत द्विवेदी, बछराज प्रजापति, आशीष जायसवाल, शाहबाज, रामदेव प्रजापति एवं मोहम्मद नुमान सहित पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article