बलरामपुर,,जिले में सेवा संकल्प अभियान:17 सितम्बर की संध्या 06 लाख 46 हजार से अधिक दीयों से जगमगाएगा।

Samwad Chhattisgarh

संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

सेवा संकल्प अभियान:17 सितम्बर की संध्या 06 लाख 46 हजार से अधिक दीयों से जगमगाएगा बलरामपुर

घर के आंगन में जला एक दीया भी सेवा संकल्प अभियान की सहभागिता है – कलेक्टर

आशीर्वाद का दीया‘‘ गांव की गलियों से जिला मुख्यालय तक उतरेगी दीपमालिका, हर घर से जुड़ेगा एक दीया


जिला स्तरीय कार्यक्रम में हाई स्कूल खेल मैदान में प्रज्वलित होंगे 01 लाख 30 हजार दीये

बलरामपुर, 15 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर की संध्या ‘‘आशीर्वाद का दीया’’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विभागीय एवं निकाय स्तर पर 5 लाख 16 हजार 418 तथा जिला स्तरीय आयोजन में 1 लाख 30 हजार दीयों के साथ जिले में कुल 6 लाख 46 हजार 418 दीप प्रज्वलित होंगे। आयोजन की व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि इस अवसर से जुड़ने के लिए किसी बड़े मंच की प्रतीक्षा आवश्यक नहींकृअपने घर के आंगन में जलाया गया एक दीया भी अभियान की सहभागिता है।

अधिक से अधिक नागरिकों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने के लिए जनसमूह के बीच दीयों का वितरण किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक परिवार तक दीप पहुंचे और संध्या बेला में सामूहिक प्रज्वलन का दृश्य साकार हो। कार्यक्रम का स्वरूप विकेन्द्रित रखा गया है-जिले के समस्त अनुभाग, तहसील एवं उप तहसील मुख्यालयों के साथ जनपद पंचायतों, नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायतों में दीये जगमगाएंगे। शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के आवास, अमृत सरोवर, चयनित सार्वजनिक स्थल तथा पुरातात्विक महत्व के स्थल भी इस दीपमालिका का हिस्सा बनेंगे। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन बलरामपुर के हाई स्कूल खेल मैदान में होगा, जहां अकेले 1 लाख 30 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे, वहीं अटल परिसर सहित चयनित पार्कों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप सज्जा की जाएगी।

विभागीय सहभागिता में शिक्षा विभाग 1 लाख 86 हजार दीयों के साथ सबसे आगे है। स्वास्थ्य विभाग 14 हजार 977, महिला एवं बाल विकास विभाग 11 हजार 450 तथा आदिम जाति कल्याण विकास विभाग 10 हजार दीयों के साथ जुड़ेगा। विकासखण्डवार तैयारियों में जनपद पंचायत वाड्रफनगर में 62 हजार, रामचन्द्रपुर में 46 हजार 940, राजपुर में 43 हजार 600, शंकरगढ़ में 41 हजार 100, बलरामपुर में 35 हजार तथा कुसमी में 34 हजार 600 दीप जलाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में नगर पंचायत वाड्रफनगर 8 हजार 600, रामानुजगंज 7 हजार, राजपुर 5 हजार 151, कुसमी 5 हजार तथा नगर पालिका बलरामपुर 5 हजार दीयों से आलोकित रहेगा।

आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसका जनव्यापी स्वरूप है। जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, शिक्षक, विद्यार्थी, युवा, खिलाड़ी, गृहिणियां, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा वरिष्ठजन-समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें भागीदार बनेगा। बच्चों के नन्हे हाथों से सजा दीया और बुजुर्गों के आशीर्वाद के बीच जलती ज्योति इस अवसर को शासकीय औपचारिकता से आगे ले जाकर पारिवारिक उत्सव का रंग देगी। शालाएं, छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं स्वास्थ्य संस्थाएं भी उसी शाम रोशनी में नहाई दिखेंगी, जिससे एकजुटता और सेवा भावना का संदेश वनांचल से नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सहभागिता का माप दीयों की संख्या नहीं, बल्कि सेवा भावना है। नागरिक अपने घर, आंगन, मोहल्ले अथवा निकटतम सार्वजनिक स्थल पर दीप प्रज्वलित कर इस संध्या को सामूहिक स्वरूप दे सकते हैं। पंचायत एवं नगरीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक समन्वय किया जा रहा है, साथ ही दीप जलाने के दौरान सतर्कता बरतने और छोटे बच्चों की निगरानी रखने की अपेक्षा भी की गई है, जिससे आयोजन सुरक्षित रहते हुए गरिमामय एवं स्मरणीय बने।

Share This Article