बलरामपुर,,कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई।

Samwad Chhattisgarh

संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज कुसमी बलरामपुर,/9111740798

पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता से लाभान्वित के निर्देश

राजस्व प्रकरणों का पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में निराकरण करें-कलेक्टर

बलरामपुर, 23 फरवरी 2026/कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर कटारा ने राजस्व प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति लाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर कटारा ने राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अनुविभाग एवं तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा के भीतर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक सेवा केंद्र में लंबित प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, विवादित खाता विभाजन, त्रुटि सुधार, सीमांकन, डायवर्सन, आधार प्रविष्टि, अभिलेख शुद्धता तथा भू-अर्जन से संबंधित लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को  निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन आवास के प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित पुराने आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने को कहा, ताकि अंतिम छोर तक शासन के मंशानुरूप लाभ पहुँचाया जा सके।

कलेक्टर कटारा ने संबंधित अधिकारी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र योजना के लाभ से वंचित न हो, इसके लिए मैदानी स्तर पर विशेष अभियान चलाकर शेष पंजीयन कार्य पूर्ण करें। उन्होंने विशेष रूप से पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीवीटीजी परिवारों को योजनाओं से लाभान्वित करें।

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने आकांक्षी विकासखंड समीक्षा के दौरान संचालित विभिन्न सूचकांकों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करें उन्होंने अभियान की निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रगति लाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कलेक्टर कटारा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए शासन द्वारा संचालित योजना अंतर्गत मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केन्द्र के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के भर्ती एवं पोषण की स्थिति तथा रिकवरी रेट के संबंध में जानकारी लेते हुए प्रत्येक बच्चे को समय पर संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिस्चार्ज के बाद भी बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी रखने और नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर कटारा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने एवं निर्धारित समय-सीमा में लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी ग्रीष्मकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल की उपलब्धता के लिए समुचित कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग, हैंडपंपों एवं पाइप लाइन की समय पर मरम्मत तथा टैंकर आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक परेशानी की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखने, संभावित जल संकट वाले क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share This Article