अंबिकापुर,,,,सरगुजा सांसद श्री चिन्तामणी महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक संपन्न।

Samwad Chhattisgarh

Sampadek jasim khan samwad chhatisgarh news kusmi Balrampur 9111740798

जिले के विकास कार्यों की हुई समीक्षा
शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने आपसी सामंजस्य से करें कार्य, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का मिले लाभ-सरगुजा सांसद श्री चिन्तामणी महाराज

अम्बिकापुर 10 जून 2025/  सरगुजा सांसद श्री चिन्तामणी महाराज की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति यानी दिशा समिति की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, नगर निगम अम्बिकापुर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, कलेक्टर श्री विलास भोसकर, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी  उपस्थित रहे।
सांसद श्री चिन्तामणी महाराज ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को कहा कि आमजनों तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करें। विभागीय अधिकारी लोकहित को ध्यान रख अपने दायित्वों को गम्भीरता से निर्वहन करें।

पात्र हितग्राहियों का शासकीय योजनाओं का लाभ मिले, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यही शासन की मंशा है। बैठक में एजेंडा वार चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाएं। योजनांतर्गत निर्माणाधीन  आवासों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द पूर्ण कराएं। जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण  की जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि आवास योजना ग्रामीण के तहत 2016-23 तक 65905 आवास का लक्ष्य था, जिसमें से 61349 आवास पूर्ण कर लिए गए हैं, शेष आवास भी जल्द पूर्ण कर लिए जाएंगे। वर्ष 2024-25 में 36888 आवास का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से 31425 स्वीकृत आवास में से  6869 आवास पूर्ण कर लिए गए हैं। वहीं वर्ष 2025-26  में 4807 आवास का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से 3949 पंजीयन कर लिया गया है। शेष पंजीयन 30 जून 2025 तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने मनरेगा के तहत पंजीकृत कुल जॉब कार्डधारियों की जानकारी ली तथा कहा कि जॉब कार्ड प्राप्त श्रमिकों का श्रम विभाग के अंतर्गत पंजीयन भी सुनिश्चित करें जिससे श्रमिकों के लिए निर्धारित योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने मनरेगा एवं श्रम विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के साथ अभियान के तौर पर यह कार्य सुनिश्चित करने निर्देशित किया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि शौचालयों में स्वच्छता एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें और लोगों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं निर्माणाधीन सड़कों की जानकारी ली। पहाड़ी कोरवा बसाहटों में सड़क निर्माण की जानकारी देते हुए बताया गया कि पीएमजनमन योजना प्रथम चरण में विभिन्न बसाहटों में 50 सड़कों का कार्य एवं द्वितीय चरण में 33 सड़कों के कार्य प्रगतिरत हैं।
सांसद श्री चिन्तामणी द्वारा बैठक में  स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड पंजीयन, स्वास्थ्य सम्बन्धी विभिन्न कार्यक्रमों के प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उपसंचालक कृषि ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, फसल प्रदर्शन और बीज की मांग एवं उपलब्धता की जानकारी दी, जिस पर सांसद ने समय पर किसानों को खाद एवं बीज उपलब्ध कराने कृषि अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने शिक्षा विभाग को शाला प्रवेशोत्सव से पूर्व छात्र- छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूर्ण किए जाने निर्देशित किया। जिला खाद्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि राशन दुकानों में पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध हो, वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता ना रहे। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी अंतर्गत जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कहा कि वर्तमान में बारिश और तूफान में बिजली बंद की शिकायत मिल रही है,  इसलिए पूर्व तैयारी कर लें ताकि आमजनों को समस्या ना हो।
बैठक में  राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों, समाज कल्याण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, सर्व शिक्षा अभियान, समेकित बाल विकास योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, डिजीटल भारत भू अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के कार्यों की समीक्षा सहित अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

Share This Article