बलरामपुर,,महतारी वंदन योजना के दो वर्ष पूर्ण, महिलाओं को मिल रहा आर्थिक सहायता।

Samwad Chhattisgarh

संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज कुसमी बलरामपुर/9111740798

बलरामपुर ,,महतारी वंदन योजना के दो वर्ष पूर्ण, महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

जिला स्तरीय महिला सम्मेलन एवं महिला मड़ई का हुआ आयोजन

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने प्रदेश की महिलाओं को दी बड़ी सौगात

महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त के 641.5 करोड़ रुपये अंतरित

बलरामपुर, 08 मार्च 2026/ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय वर्चुअल रूप से बस्तर से जुड़े रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की सफलता की कहानी एवं अन्य विभागीय पुस्तिकाओं का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त के रूप में 641.5 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, जनपद सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री भानुप्रकाश दीक्षित और महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी सुश्री विस्मिता पाटले उपस्थित रहीं।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय बस्तर जिले से वर्चुअल माध्यम से सभी परियोजनाओं में आयोजित कार्यक्रमों से जुड़े। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की 220 परियोजनाओं में महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त के लिए भी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के दो वर्ष पूर्ण हो गये हैं। इस योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष के बजट में भी महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक माह के पहले सप्ताह में महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक संबल प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाएं प्राप्त राशि का संचय कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इस योजना से महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो रहा है तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों को भी विभिन्न कार्य दिए जा रहे हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और अपने परिवार की आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए महतारी सदन का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लखपति दीदी योजना के विस्तार की भी बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना हो या किसानों से किए गए वादे, राज्य सरकार सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाजारपारा ऑडिटोरियम भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां, बहनें और महिलाएं शिक्षा, सामाजिक, आर्थिक तथा विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ते हुए अपने कौशल और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के साथ ही महिलाओं की भागीदारी और उपलब्धियां भी लगातार बढ़ी हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आय के बेहतर अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दिखा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। इसका उदाहरण यह है कि आज देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर भी एक महिला आसीन हैं। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रपति के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश का नेतृत्व कर रही हैं, जो सभी महिलाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा है। अनेक चुनौतियों और सामाजिक बाधाओं को पार करने के बाद आज महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हुई हैं और समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं स्वयं अपने निर्णय लेने में सक्षम हो रही हैं और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आज महिलाएं आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही हैं, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय आजीविका मिशन की सदस्यों ने पारंपरिक परिधान एवं वाद्ययंत्रों के साथ मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। पहाड़ी कोरवा आश्रम भेलवाडीह और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर आधारित प्रस्तुति दी। एकलव्य भेलवाडीह की छात्राओं ने नाटिका की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय महिला सम्मेलन में खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी दिखाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

*महिला सम्मेलन में महिला मड़ई का आयोजन*
महिलाओं के सर्वांगीण विकास, सशक्तिकरण और उनके स्वास्थ्य एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में आयोजित जिला स्तरीय महिला सम्मेलन के अवसर पर महिला मड़ई का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर महिलाओं को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
महिला मड़ई के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में महिला चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम द्वारा महिलाओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, एनीमिया, पोषण स्तर आदि की जांच की गई। साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई। शिविर में उपस्थित महिलाओं को विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं और बच्चों के बेहतर पोषण के महत्व को प्रदर्शित करने के लिए पौष्टिक आहार, हरी सब्जियों तथा पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिलाओं को कुपोषण से बचाव, बच्चों और गर्भवती माताओं के लिए आवश्यक पोषण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों, जैसे- हस्तशिल्प सामग्री, खाद्य उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इन उत्पादों को देखने के लिए महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। महिला मड़ई के आयोजन के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिली और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने महिला मड़ई के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें नई-नई जानकारियां प्राप्त होती हैं और वे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित होती हैं।

Share This Article