✍🏻संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻

25 किसानों का फौती नामांतरण के साथ एग्रीस्टेक पंजीयन

वारिसानों को उपलब्ध कराई गई अद्यतन खसरा एवं बी-1 की प्रतियां
एग्रीस्टेक पंजीयन से शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में होगी सहूलियत
बलरामपुर, 25 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने तथा राजस्व अभिलेखों को अद्यतन करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही शिविर लगाकर एग्रीस्टेक पंजीयन का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत लावा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के मृत हितग्राहियों के प्रकरणों का निराकरण करते हुए फौती नामांतरण की कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लावा में पीएम किसान योजना के 28 हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी थी। जिसपर राजस्व अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। इनमें से 25 किसानों का फौती नामांतरण पूर्ण कर उनके वारिसानों को अद्यतन खसरा एवं बी-1 की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उनका एग्रीस्टेक पंजीयन भी कराया गया। जिससे पात्र किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। एग्रीस्टेक कार्य पूर्ण होने से संबंधित परिवारों को भविष्य में कृषि संबंधी योजनाओं, अनुदान एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।
