छत्तीसगढ़ की बदहाल व्यवस्था और जनसमस्याओं के खिलाफ आम आदमी पार्टी का हल्लाबोल; मुख्यमंत्री के नाम कुसमी तहसीलदार को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन।

Samwad Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ की बदहाल व्यवस्था और जनसमस्याओं के खिलाफ आम आदमी पार्टी का हल्लाबोल; मुख्यमंत्री के नाम कुसमी तहसीलदार को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन।

✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

कुसमी/बलरामपुर:

प्रदेश में किसानों, विद्यार्थियों, आम नागरिकों एवं गरीब परिवारों से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर आज आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल द्वारा माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम एक महत्वपूर्ण 7 सूत्रीय ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कुसमी की गैर-मौजूदगी में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार मैडम रॉकी एक्का को ज्ञापन सौंपकर जनहित की समस्याओं पर तत्काल ठोस कार्यवाही करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव (संगठन) शकील अंसारी, वरिष्ठ नेता इन्द्रदेव नाग, वरिष्ठ नेता अरमान मलिक एवं सूर्यकांत जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से उठाई गई 7 सूत्रीय मांगें:

कृषि एवं किसान सुरक्षा: किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन में आ रही व्यावहारिक जटिलताओं को दूर कर प्रक्रिया को सरल किया जाए तथा रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के साथ हो रही धोखाधड़ी व रकबा कटौती तुरंत बंद की जाए।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार: सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को सुधारा जाए, शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर किया जाए और गिरते शैक्षणिक स्तर को ऊँचा उठाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण: सरकारी अस्पतालों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की पदस्थापना की जाए, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव दूर किया जाए।

गोधन योजना की जांच व आवारा मवेशी प्रबंधन: गोधाम/गोधन योजना के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव व सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया जाए।

सड़कों का निर्माण व मरम्मत: क्षेत्र एवं राज्य की अत्यंत जर्जर तथा जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की तत्काल गुणवत्तापूर्ण मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
 

बिजली बिलों में राहत: बिजली के बढ़ाए गए दामों को वापस लिया जाए तथा आम जनता को भेजे जा रहे अनाप-शनाप एवं अत्यधिक बिजली बिलों को निरस्त कर राहत प्रदान की जाए।

नशा व मिलावटी शराब पर रोक: क्षेत्र में तेजी से फैल रहे अवैध नशे के कारोबार पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए एवं मिलावटी व अवैध शराब की बिक्री पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।


                   प्रशासन को चेतावनी:

आप प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार रॉकी एक्का से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि ज्ञापन में उठाई गई मांगें सीधे तौर पर आम जनता के जीवन और आजीविका से जुड़ी हुई हैं। अतः इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ज्ञापन को तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय तक प्रेषित किया जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन जनसमस्याओं पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आम आदमी पार्टी जनता के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से उपस्थित:

शकील अंसारी (जिला महासचिव – संगठन, आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़)
इन्द्रदेव नाग (वरिष्ठ नेता, आम आदमी पार्टी)
अरमान मलिक (वरिष्ठ नेता, आम आदमी पार्टी)
सूर्यकांत जायसवाल (वरिष्ठ नेता, आम आदमी पार्टी)

Share This Article