बलरामपुर,,सब्जी बाड़ी में गांजा की खेती का खुलासा, बरियों पुलिस ने 112 पौधों के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार।

Samwad Chhattisgarh

सब्जी बाड़ी में गांजा की खेती का खुलासा, बरियों पुलिस ने 112 पौधों के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार


36 किलो 300 ग्राम गांजा के पौधे बरामद, करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई कीमत; आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी और कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बरियों पुलिस चौकी की टीम ने ग्राम खुखरी के रखैतपारा में बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जी बाड़ी के बीच गांजा की खेती करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाली बाड़ी से 112 नग गांजा के पौधे बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन लगभग 36 किलो 300 ग्राम बताया गया है। बरामद गांजा के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कबीर साय टेकाम, पिता जट्टू, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम खुखरी, रखैतपारा, चौकी बरियों, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है।

       फसल गिरदावरी के दौरान मिली जानकारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस, राजस्व और वन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी व्यवस्था के तहत संयुक्त रूप से क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है।

इसी दौरान 3 अक्टूबर 2026 को ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी द्वारा फसल गिरदावरी के दौरान जानकारी मिली कि ग्राम खुखरी के रखैतपारा में कबीर साय टेकाम द्वारा अपने कब्जे की भूमि पर स्थित सब्जी बाड़ी में सब्जी की फसल के बीच गांजा के पौधे लगाए गए हैं।

सूचना मिलने के बाद बरियों चौकी प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी के निर्देशन में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

   बाड़ी में सब्जियों के बीच लगाए थे गांजा के पौधे

पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। इस दौरान संदेही कबीर साय टेकाम घर के बाहर मौजूद मिला। पूछताछ में उसने अपने कब्जे की बाड़ी में सब्जियों की फसल के बीच गांजा के पौधे लगाए जाने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की बाड़ी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान सब्जी की फसल के बीच छोटे-बड़े गांजा के पौधे, डगाल, हरे पत्ते और तने सहित कुल 112 नग पौधे बरामद किए गए। पुलिस द्वारा पौधों की गिनती कर पंचनामा तैयार किया गया।

        36 किलो 300 ग्राम गांजा के पौधे जब्त

पुलिस के अनुसार बरामद 112 नग गांजा के पौधों का कुल वजन लगभग 36 किलो 300 ग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गवाहों के समक्ष बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त किया।

मामले में आरोपी कबीर साय टेकाम के विरुद्ध चौकी बरियों, थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 8(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

     आरोपी को भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में

पुलिस ने आरोपी कबीर साय टेकाम को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं इनके अवैध कारोबार के खिलाफ जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है।

Share This Article