कुसमी: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की पति ने बसूला से वार कर किया हत्या, आरोपी पति पुलिस हिरासत में।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

कुसमी: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की लोहे की बसूला से वार कर किया हत्या, आरोपी पति पुलिस हिरासत में।

कर्राडांड गांव में वारदात से सनसनी, मां को बचाने पहुंची 16 वर्षीय बेटी को भी दौड़ाया; पुलिस मामले की जांच में जुटी

संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी, बलरामपुर।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी अनुविभाग अंतर्गत कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम कर्राडांड में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने कथित तौर पर लोहे की बसूला से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोरंधा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

         शराब के पैसों को लेकर हुआ विवाद

मृतका की पहचान अमरावती लकड़ा (35 वर्ष), पति दीपक लकड़ा, निवासी ग्राम कर्राडांड के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर की है। बताया जा रहा है कि दीपक लकड़ा ने अपनी पत्नी अमरावती से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर दीपक ने घर में रखी टांगी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण अमरावती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

     मां को बचाने पहुंची बेटी, पिता ने उसे भी दौड़ाया

घटना के दौरान मृतका की 16 वर्षीय बेटी दीपाली लकड़ा भी घर पहुंची थी। उसके बताए अनुसार, वह चर्च गई हुई थी। वापस लौटने पर उसने अपने माता-पिता के बीच विवाद होते देखा और झगड़ा रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोप है कि उसके पिता ने उसे भी मारने के लिए दौड़ाया। इससे डरकर वह घर के अंदर चली गई।

बेटी के मुताबिक, कुछ देर बाद चीख-पुकार सुनकर जब वह बाहर आई तो उसकी मां खून से लथपथ पड़ी हुई थी। मां की हालत देखकर वह घबरा गई और उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल कोरंधा पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही कोरंधा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मर्ग कायम कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पति दीपक लकड़ा को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

          गांव में शोक और दहशत का माहौल

ग्राम कर्राडांड में हुई इस घटना से ग्रामीणों में शोक और दहशत का माहौल है। पारिवारिक विवाद के दौरान हुई इस कथित हत्या ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, घटना की प्रत्यक्षदर्शी रही नाबालिग बेटी के सामने यह दर्दनाक स्थिति आने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

पुलिस जांच जारी: मामले में फिलहाल आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी है। घटना के कारणों, परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article