कुसमी में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जन चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
कुसमी। कांग्रेस पार्टी के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत कुसमी मंडल में एक दिवसीय जन चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर अपने विचार रखे तथा मतदाता सूची से नाम कटने सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि वोट देने का अधिकार प्रत्येक नागरिक का सबसे बड़ा संवैधानिक अधिकार है। मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची का सत्यापन करने की अपील की।
वहीं फरीद खान, दीपक बुनकर, मुजस्सम नजर एवं संतोष इंजीनियर ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई, राशन कार्ड एवं मतदाता सूची से नाम कटने जैसे मुद्दे उठाए। नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होकर जनता को जागरूक करना होगा।
कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वक्ताओं ने एकजुट होकर वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

