
अब VSK ऐप से ही प्रमाणित होगी शिक्षकों की उपस्थिति, जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने के दिए निर्देश, जाबर स्कूल में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ली नशामुक्ति की शपथ

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️
बलरामपुर। जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अब शिक्षकों की उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के माध्यम से ही दर्ज एवं प्रमाणित की जाएगी। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एन.के. निरापुरे ने विकासखंड बलरामपुर के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण करते हुए शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय नवाडीह, प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल जाबर, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पचावल तथा हायर सेकेंडरी स्कूल महाराजगंज का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं भवनों की स्थिति का निरीक्षण किया।
VSK ऐप से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपनी उपस्थिति VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के माध्यम से ही दर्ज और प्रमाणित करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से उपस्थिति दर्ज होने से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन कराने की जिम्मेदारी बीआरसीसी बलरामपुर को सौंपी गई है।
स्वच्छता और शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष जोर
जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई रखने, भवनों एवं आहाते की पुताई कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। शिक्षकों को अध्यापन कार्य के प्रति गंभीरता बरतने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की भी हिदायत दी।
जाबर स्कूल में नशामुक्ति का लिया संकल्प
निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल जाबर में जिला शिक्षा अधिकारी श्री निरापुरे की उपस्थिति में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं शिक्षक अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और जारी निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें।

