संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ कुसमी बलरामपुर/9111740798

प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत समाधान शिविर आयोजित, 179 हितग्राही हुए लाभान्वित

अंबिकापुर 24 दिसंबर 2025/ जिले के उदयपुर जनपद पंचायत में विकासखंड स्तरीय प्रशासन गांव की ओर के तहत जन समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 179 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। जिसमें राजस्व विभाग से 38, विद्युत विभाग से 35, कृषि विभाग से 27, पशुपालन विभाग से 12, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से 9 तथा मछली पालन विभाग से 8 हितग्राही लाभान्वित हुए।
शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को विकसित भारत ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस मिशन के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित कर युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित जानकारी साझा की गई। साथ ही शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को मिशन से संबंधित कंडिका (सूचनात्मक सामग्री) का वितरण भी किया गया, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन को योजनाओं की सही जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कर सकें।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। ग्रामीणों ने समाधान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इससे समय और खर्च दोनों की बचत हुई है।
उदयपुर जनपद पंचायत सीईओ श्री वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस शिविरों का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, योजनाओं की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार और अंतिम व्यक्ति तक शासन का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार आगे भी नियमित रूप से ऐसे समाधान शिविर आयोजित किए जिससे लोगों को हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में जनपद अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश सिंह, जनपद पंचायत उपाध्क्ष श्री सिद्वार्थ सिंह देव, रामगढ प्रबोध सिंह, अखण्ड विधायक सिंह, जनपद सदस्य गण, तहसीलदार विकास जिंदल, नायब तहसीलदार आकाश गौतम सहित विकासखण्ड के सभी अधिकारी कर्मचारी गण समूह की दीदी और बड़ी संख्या में आम जनतागण उपस्थित रहे।
