बलरामपुर,,कलेक्टर के निर्देश पर सामरी के स्कूलों में स्वास्थ्य जांच शिविर, 98 बच्चों का हुआ नेत्र परीक्षण।

Samwad Chhattisgarh

बलरामपुर,,कलेक्टर के निर्देश पर सामरी के स्कूलों में स्वास्थ्य जांच शिविर, 98 बच्चों का हुआ नेत्र परीक्षण।

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

बलरामपुर/सामरी। जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में बुधवार, 22 जुलाई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सामरी की स्वास्थ्य टीम द्वारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सामरी में अध्ययनरत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ नेत्र परीक्षण कर निकट दृष्टि दोष की भी जांच की गई।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सामरी के प्रभारी डॉ. एस.के. शुक्ला के मार्गदर्शन में नेत्र सहायक अधिकारी श्रीमती ममता भगत, ANM आशा टोप्पो एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान कुल 98 बच्चों का नेत्र परीक्षण किया गया तथा बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की गई।

स्वास्थ्य टीम द्वारा बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बच्चों को दस्त से बचाव एवं उपचार प्रबंधन, भोजन करने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने की सही विधि तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का सेवन करने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने, साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी। स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर बीमारियों एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना तथा आवश्यकतानुसार उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विद्यालय स्तर पर किए गए इस प्रयास से बच्चों एवं शिक्षकों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Share This Article