संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज कुसमी बलरामपुर/9111740798

जिला चिकित्सालय में 14 फरवरी को निःशुल्क ईको जांच शिविर
325 पंजीकृत मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञों की सेवा का लाभ
बलरामपुर, 13 फरवरी 2026/ जिले के नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ हृदय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय बलरामपुर में 14 फरवरी 2026 को निःशुल्क ईको जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं दिन हीन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।
शिविर में लाभ देने स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखंडों से कुल 325 मरीजों का पंजीयन किया जा चुका है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक विकासखंड से जिला चिकित्सालय तक लाने एवं वापस पहुंचाने के लिए परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी मरीज को असुविधा न हो।
शिविर में हृदय की जांच अत्याधुनिक ईको मशीन से की जाएगी। इस अवसर पर एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमंत शेखर पाढ़ी एवं डॉ. राघवेश ओझा (कार्डियोलॉजिस्ट) अपनी विशेषज्ञ टीम सहित उपस्थित रहेंगे और मरीजों को परामर्श प्रदान करेंगे।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 8 बजे किया जाएगा। पंजीकृत मरीजों को निर्धारित समयानुसार उपस्थित होकर जांच करानी होगी। प्रशासन द्वारा शिविर के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। साथ ही अपील की गई है कि पंजीकृत मरीज समय पर पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाएं तथा हृदय रोग से संबंधित किसी भी समस्या के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें । इस पहल से जिले में हृदय रोग से संबंधित मरीजों को समय रहते पहचान और बेहतर उपचार का लाभ मिलेगा।
