बलरामपुर,,खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर,महिलाओं में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का मिल रहा अवसर – मंत्री श्री नेताम

Samwad Chhattisgarh

         खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर

महिलाओं के लिए आयोजित की गई विविध खेल स्पर्धा

महिलाओं में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का मिल रहा अवसर – मंत्री श्री नेताम

      उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

बलरामपुर, 11 जुलाई 2026/ खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर की थीम पर विकासखण्ड बलरामपुर में स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में आयोजित महिला खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में महिलाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, जनपद सदस्य श्रीमती अर्पणा दीक्षित, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री भानु प्रकाश दीक्षित, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने खेल मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अतिथियों ने प्रतिभागियों के साथ खेल स्पर्धा का हिस्सा बन प्रोत्साहित भी किया।
महिलाओं ने 100 एवं 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, खो-खो, रस्साकशी और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आज खेल के माध्यम से महिलाओं में छिपी प्रतिभाओं को ऐसे आयोजनों के माध्यम से आगे आने का अवसर मिल रहा है। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने महिला खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही खिलाड़ी को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी खेलों में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा। प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, शील्ड, मेडल, संतावना पुरूस्कार देकर सम्मानित किया गया।

         खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

    महिला प्रतिभागियों को वितरित किया गया पौधा

      जिले में आयोजित खेलेगा बलरामपुर, तो बढ़ेगा बलरामपुर प्रतियोगिता के दौरान खेल गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाली महिला प्रतिभागियों को एक-एक पौधा वितरित कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं से अपने घर अथवा आसपास पौधारोपण कर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।

Share This Article