कुसमी,,शंकरगढ़,खाद, बीज और डीजल की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

खाद, बीज और डीजल की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

कुसमी/शंकरगढ़, 22 जून। शंकरगढ़ ब्लॉक में किसानों को खाद, बीज एवं डीजल की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की इसी समस्या को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शंकरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव (संगठन) एवं पार्षद सकील अंसारी, जिला अध्यक्ष जफर खान, लोकसभा उपाध्यक्ष शंकर भगत तथा मीडिया प्रभारी आशीष जायसवाल शामिल रहे। इस दौरान अधिकारियों से किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आंदोलनरत किसानों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना गया।

आम आदमी पार्टी ने मांग की कि सभी सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएं, किसानों के लिए डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा खाद-बीज की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पार्टी नेताओं ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को आवश्यक संसाधनों के लिए भटकना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करना चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके। अधिकारियों ने भी किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

जारीकर्ता :
आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़)

Share This Article