संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज कुसमी बलरामपुर/9111740798

बलरामपुर, 22 अप्रैल 2026/* जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से प्रतिमाह हितग्राहियों को नियमित रूप से खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार सभी उचित मूल्य दुकानों को प्रत्येक कार्य दिवस में दो पालियों में कुल 8 घंटे दुकान खोलकर राशन वितरण करने के निर्देश है। जिसके अंतर्गत सुबह 8ः00 से 12ः00 बजे तथा दोपहर 2ः00 बजे से 6ः00 बजे तक दुकानों का संचालन किया जाना है।
हितग्राहियों को खाद्यान्न का उठाव करने में किसी प्रकार की समस्या न हो इस संबंध में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने उचित मूल्य दुकानों का सुचारू रूप से संचालन करने के निर्देश दिए है।
जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि जिले में 483 उचित मूल्य की दुकान संचालित है जिसके माध्यम से 2 लाख 34 हजार राशन कार्ड धारियों को प्रति माह लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में वन नेशन वन राशन कार्ड योजना संचालित है जिसके अंतर्गत राशन कार्ड धारी अपनी सुविधा एवं इच्छानुसार किसी भी उचित मूल्य दुकान से राशन का उठाव कर सकता है।
खाद्य अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी मोबाईल नंबर 9202608795 पर साझा कर सकते हैं, ताकि समय पर समाधान किया जा सकें।
