✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने की जिलेवासियों से अपील
बलरामपुर, 14 सितंबर 2026/राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक माहभर चलने वाले “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस महाअभियान के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रमाकांत चंद्राकर ने जिले के समस्त नागरिकों से आगे आकर सहभागिता निभाने की अपील की है।
श्री चंद्राकर ने अपने संदेश में कहा कि सेवा के गौरवशाली 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के राष्ट्रीय संकल्प में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा, सहभागिता और सामाजिक सरोकार की भावना से ही समृद्ध, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही किसी भी शासकीय अभियान की सफलता की वास्तविक कुंजी है। अतः सभी जिलेवासी, युवा, सामाजिक संस्थाएं एवं प्रबुद्ध नागरिक अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और इसे जनांदोलन का स्वरूप देकर जनसेवा की नई मिसाल कायम करें, जिससे जिला विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभा सके।
