
बलरामपुर,,पीएम स्वनिधि योजना से पात्र हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित
व्यापक प्रचार-प्रसार करने कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने दिये निर्देश 1 से 30 जून तक होगा स्वनिधि महोत्सव का आयोजन
✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज कुसमी बलरामपुर
बलरामपुर, 02 जून 2026/ भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत 1 जून से 30 जून 2026 तक जिले में स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि कैंप का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के नगरीय निकायों द्वारा इस विशेष अभियान का व्यापक क्रियान्वयन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक पथ विक्रेताओं, असंगठित श्रमिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। आगामी दिवसों में नगरीय निकायों में स्वनिधि मेला आयोजित किये जाऐंगे।
कलेक्टर ने कहा है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। जिले में 1 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के दौरान ऋण सुविधा, डिजिटल भुगतान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा उनके जीवन स्तर और आजीविका में सकारात्मक बदलाव आए।
इस अभियान का उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीब परिवारों एवं असंगठित श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण एवं विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। अभियान के दौरान पंजीकृत एवं अपंजीकृत पथ विक्रेताओं तक पहुंच बनाकर उन्हें पीएम स्वनिधि योजना के लाभों से लाभान्वित किया जाएगा। स्वनिधि महोत्सव के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के नए ऋण आवेदन, स्वीकृत किन्तु अप्रदत्त ऋण प्रकरणों के निराकरण, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने हेतु यूपीआई एवं क्यूआर कोड ऑनबोर्डिंग, पीएम स्वनिधि मोबाइल एप इंस्टॉलेशन तथा डिजिटल लेनदेन संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। साथ ही बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं के सहयोग से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान हितग्राहियों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, श्रमिक पंजीयन सहित अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के सहयोग से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
स्वनिधि महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पथ विक्रेताओं, महिला एवं दिव्यांग पथ विक्रेताओं को भी विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। साथ ही पथ विक्रेताओं के बच्चों की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
