बलरामपुर,,सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा की पहल रंग लाई, कलेक्टर ने जारी किया आदेश कुसमी की जनता को बड़ी राहत: हर बुधवार लगेगा अपर कलेक्टर लिंक कोर्ट।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

कुसमी, 17 जून 2026। सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा द्वारा कुसमी में अपर कलेक्टर लिंक कोर्ट प्रारंभ किए जाने की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने आदेश जारी कर दिया है। अब अपर कलेक्टर श्री प्रमोद कुमार गुप्ता प्रत्येक बुधवार को कुसमी में लिंक कोर्ट (कैंप कोर्ट) लगाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।



गौरतलब है कि विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने 12 जून 2026 को कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कुसमी में लिंक कोर्ट की व्यवस्था पुनः शुरू करने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2008 के बाद से कुसमी में लिंक कोर्ट का संचालन बंद हो गया था, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक मामलों के निराकरण के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज तक बार-बार जाना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि हो रही थी।

विधायक की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर श्री प्रमोद कुमार गुप्ता को प्रत्येक बुधवार कुसमी में लिंक कोर्ट आयोजित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से कुसमी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने मामलों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने कलेक्टर के इस जनहितकारी निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी तथा प्रशासनिक और राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा।

अब कुसमी की जनता को न्याय और प्रशासनिक सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी।

Share This Article