✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर, ✍🏻✍🏻

पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी पर संकट, किसानों का पंजीयन जल्द पूरा करे सरकार; समाधान नहीं हुआ तो आप करेगी धरना-प्रदर्शन

बलरामपुर-रामानुजगंज, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसका असर किसानों के पंजीयन, गिरदावरी और आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर पड़ने की आशंका है। आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से पटवारियों की जायज मांगों का शीघ्र निराकरण करने तथा किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव संगठन सकील अंसारी ने कहा कि धान खरीदी शुरू होने से पहले किसानों का पंजीयन और गिरदावरी का कार्य समय पर पूरा होना जरूरी है। पीवी ऐप की तकनीकी खामियों, नेटवर्क की समस्या और लंबित वेतन विसंगति व पदोन्नति जैसे मुद्दों पर सरकार को पटवारी संघ से बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए। किसानों को तकनीकी या प्रशासनिक समस्याओं के कारण अपनी उपज बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करे, लंबित राजस्व कार्यों को शीघ्र पूरा कराए तथा पात्र किसानों के पंजीयन में आ रही बाधाओं को दूर करे।
सकील अंसारी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पटवारियों और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज किसानों और पटवारियों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन करेगी।
आम आदमी पार्टी किसानों के अधिकारों और आम जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाती रहेगी।
जारीकर्ता:
सकील अंसारी
जिला महासचिव संगठन
आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, छत्तीसगढ़

