✍🏻✍🏻संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

कुसमी में साइबर सुरक्षा संवाद, पुलिस ने लोगों को किया जागरूक।

कुसमी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश एवं एसडीओपी तथा थाना प्रभारी सुभाष कुजूर के मार्गदर्शन में कुसमी पुलिस द्वारा लोगों को साइबर अपराधों से बचाने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय साइबर सुरक्षा संवाद का आयोजन किया गया।

इस दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आम नागरिकों से संवाद किया और उन्हें ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचने के जरूरी उपायों की जानकारी दी।
साइबर सुरक्षा संवाद के दौरान पुलिस की टीम ने लोगों को समझाइश देते हुए बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक खाते से संबंधित जानकारी, सोशल मीडिया अकाउंट तथा विभिन्न ऑनलाइन ऑफर के नाम पर ठगी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई।नशे की हालत में वाहन नई चलाने की भी सलाह दी।
विकास कुजूर ने लोगों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
अभियान के दौरान विकास कुजूर ने विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद करते हुए साइबर अपराधों से सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले फोन कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा नहीं करना चाहिए। बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या किसी सरकारी संस्था के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति को भी अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
लोगों को विशेष रूप से ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक पासवर्ड, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने तथा संदिग्ध लिंक खोलने से बचने की बात कही गई।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देना जरूरी है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने और अपने परिवार के बुजुर्गों एवं बच्चों को भी ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में जानकारी देने की अपील की गई।
इस दौरान कुसमी थाना पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा और लोगों के सवालों का जवाब देते हुए साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कुसमी पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों की जागरूकता भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से आगे भी क्षेत्र में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान जारी रखा जाएगा।
